जनगणना 2027: 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना का मौका, घर बैठे ऑनलाइन दर्ज करें अपनी जानकारी
तहसीलदार कमल सिंह राठौर ने जनप्रतिनिधियों से करवाई स्वगणना, आमजन से अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील।

पुरोला। जनगणना 2027 की प्रक्रिया के तहत नागरिकों को स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग घर बैठे आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
स्वगणना अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुरोला तहसीलदार कमल सिंह राठौर ने तहसील परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर उनकी स्वगणना करवाई।
इस दौरान पुरोला ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, पूर्व विधायक मालचंद, डख्याटगांव वार्ड के जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रोहित जुड़ियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वगणना की प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।
तहसीलदार कमल सिंह राठौर ने जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे स्वयं स्वगणना करने के साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग निर्धारित समयावधि में अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकें।
उन्होंने मीडिया के माध्यम से भी जागरूक नागरिकों से इस अभियान में आगे आने और स्वगणना प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
कैसे करें स्वगणना?
नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर तक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना की सुविधा उपलब्ध है।
स्वगणना में आमजन की सक्रिय भागीदारी जनगणना प्रक्रिया को सुगम बनाने और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।



