Blog
Trending

पुरोला में बिजली संकट पर व्यापार मंडल का बड़ा ऐलान, शुक्रवार को बाजार बंद और चक्का जाम

अनियमित विद्युत आपूर्ति से व्यापारियों में आक्रोश, विद्युत विभाग कार्यालय में तालाबंदी का भी ऐलान

नगर क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर व्यापारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर व्यापार मंडल पुरोला ने शुक्रवार को नगर बंद, विद्युत विभाग कार्यालय में तालाबंदी और चक्का जाम करने का ऐलान किया है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार ने कहा कि पिछले लंबे समय से नगर और आसपास के क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती की जा रही है। इससे व्यापारियों के साथ ही छोटे उद्योगों, होटल व्यवसायियों, छात्रों और आम उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद विद्युत आपूर्ति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

अंकित पंवार ने कहा कि अनियमित विद्युत आपूर्ति का सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है। बिजली के अभाव में कारोबार प्रभावित होने के साथ ही लोगों के दैनिक कार्य भी बाधित हो रहे हैं। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति व्यापारियों में रोष होने की बात कही।

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने नगर के सभी व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से शुक्रवार को प्रस्तावित बाजार बंद, विद्युत विभाग कार्यालय में तालाबंदी और चक्का जाम आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन के बाद भी विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button