चाय की चुस्की के साथ जिलाधिकारी ने रास्ते में ही सुलझाई फरियादी की समस्या, होम स्टे ऋण का मिला समाधान

उत्तरकाशी। जनता मिलन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुधवार को मोरी रवाना हुए जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने रास्ते में ही एक फरियादी की समस्या का त्वरित समाधान कर प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, जरमोला में कुछ देर रुकने के दौरान मोरी विकासखंड के देवजानी निवासी आशाराम चौहान ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर होम स्टे योजना के तहत मिलने वाले ऋण से जुड़ी अपनी समस्या बताई। जिलाधिकारी ने फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए।
चाय की चुस्की के बीच ही अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्या के समाधान की प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिससे फरियादी को तत्काल राहत मिली। आशाराम चौहान ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
जनता मिलन कार्यक्रम के लिए जाते समय रास्ते में आमजन की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही समाधान कराने की यह पहल प्रशासन की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यप्रणाली का उदाहरण मानी जा रही है।



