Blog
Trending

पुरोला में महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का फूंका पुतला

बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस ने जताया आक्रोश, आवश्यक वस्तुओं के दाम नियंत्रित करने की मांग

पुरोला। बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को पुरोला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र नेगी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने पुरोला तिराहे पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया और केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। चीनी, गुड़, खाद्य तेल समेत रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर तत्काल अंकुश लगाने तथा आम जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं और सरकार को इस दिशा में ठोस नीति बनाकर तत्काल राहत देनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करेगी।

प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, प्रकाश कुमार, हरिमोहन जुवांठा, प्रशांत नेगी, ज्ञानेंद्र, राजुली बत्रा, जयवीर रावत, मोहब्बत नेगी, कविंद्र असवाल, आशा चौहान, अत्री देवी, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button