सड़कें बंद होने की कीमत: गंगाड़ की घायल महिला को 24 घंटे बाद मिला इलाज, एयरलिफ्ट कर भेजा हायर सेंटर
जंगल में गिरकर गंभीर घायल हुई महिला, सड़क संपर्क बाधित होने से समय पर नहीं पहुंच सकीं अस्पताल; देर शाम एयरलिफ्ट कर किया गया रेस्क्यू

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के दुर्गम गंगाड़ क्षेत्र में सड़क संपर्क बाधित होने के कारण एक गंभीर रूप से घायल महिला को समय पर इलाज नहीं मिल सका। लगभग 24 घंटे तक अस्पताल नहीं पहुंच पाने के बाद सोमवार शाम उन्हें एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, गंगाड़ निवासी सूरी देवी (39 वर्ष), पत्नी मेंबर सिंह, रविवार को जंगल में कार्य के दौरान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन क्षेत्र की सड़कें बंद होने के कारण वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। इससे घायल महिला को लंबे समय तक स्थानीय स्तर पर ही रखना पड़ा।
सोमवार शाम करीब 6:00 बजे प्रशासन की मदद से महिला को एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह घटना एक बार फिर मोरी क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में सड़क संपर्क और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क मार्ग सुचारु रहता तो घायल महिला को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सकता था, जिससे इलाज में हुई देरी से बचा जा सकता था।



