Blog
Trending

खेत में काम कर रही महिला को सांप ने डंसा, उपचार के लिए ले जाते समय हुई दर्दनाक मौत

नौगांव के बलाड़ी गांव में हुई घटना से पसरा मातम, वन विभाग ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मुआवजे का दिया आश्वासन

विकासखंड नौगांव की ग्राम सभा बगासु के बलाड़ी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। टमाटर के खेत में काम कर रही एक महिला की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

 

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, श्रीमती सुगंधरा देवी (58) पत्नी स्व. भरत सिंह असवाल खेत में टमाटर की निराई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उनके हाथ पर डंस लिया। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

 

ग्रामीणों सोबन असवाल और जगदीश असवाल ने बताया कि मृतका के पति भरत सिंह असवाल, जो उत्तराखंड होमगार्ड में तैनात थे, का भी कुछ समय पूर्व निधन हो चुका था। महिला की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है और मृतका की चार संतानें हैं।

 

घटना की जानकारी मिलते ही अपर यमुना वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी साधुलाल अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सर्पदंश की पुष्टि होने के बाद वन विभाग के नियमानुसार मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button