मोरी में जनगणना-2027 के छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
दो बैचों में आयोजित प्रशिक्षण में जनगणना प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित दिशा-निर्देशों की दी गई जानकारी

मोरी (उत्तरकाशी)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत चार्ज मोरी में आयोजित छह दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज मोरी में सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान की उपस्थिति में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने प्रतिभाग किया।
31 अक्टूबर से 05 नवम्बर 2026 तक दो बैचों में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा गणना से जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही जनगणना कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी सरदार सिंह चौहान ने प्रतिभागियों को जनगणना के महत्व से अवगत कराते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना से देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति के सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं, जो भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी और तकनीकी दक्षता का क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा के अनुरूप गुणवत्ता और शुद्धता के साथ पूरा करने की अपेक्षा की।



