सिंचाई लिफ्ट पंपिंग योजनाओं में चोरी का खुलासा, देहरादून से दो आरोपी गिरफ्तार
पुरोला पुलिस ने 96.41 किलो केबल व धातु का सामान किया बरामद, चोरी में प्रयुक्त वाहन और तार काटने का कटर भी जब्त

पुरोला::: उत्तरकाशी जनपद के पुरोला क्षेत्र में सिंचाई लिफ्ट पंपिंग योजनाओं से कॉपर केबल और मोनोब्लॉक चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुरोला पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अंकित कुमार सहित दो आरोपियों को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित 96.41 किलोग्राम माल, तार काटने में प्रयुक्त कटर और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 31 अक्टूबर 2026 को पुरोला, रामा सिंचाई लिफ्ट योजना और ध्योरा लिफ्ट योजना से अज्ञात चोरों द्वारा कॉपर केबल एवं मोनोब्लॉक चोरी किए जाने की शिकायत संबंधित योजनाओं के सहायक अभियंता ने थाना पुरोला में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच की। साक्ष्य संकलन और सुरागरसी के बाद पुलिस ने 4 नवंबर 2026 को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से दो आरोपियों अंकित कुमार (26 वर्ष), निवासी पुरोला, उत्तरकाशी और सलमान (27 वर्ष), निवासी खुशहालपुर, सहसपुर, देहरादून को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 59 किलोग्राम तांबे के तार और 38 किलोग्राम केबल के खोल व अन्य धातु सहित कुल 96.41 किलोग्राम माल बरामद किया है। इसके अलावा ताले तोड़ने और तार काटने में इस्तेमाल कटर तथा घटना में प्रयुक्त अर्बन क्रूजर वाहन संख्या UK 07 DU 7850 को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य अभियुक्त अंकित कुमार के विरुद्ध पूर्व में टिहरी और रानीपोखरी में भी चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A), 331(4) और 317(2) की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पूर्व में दर्ज धारा 303(2) को हटा दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में शामिल: उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, प्रभारी चौकी नौगांव, हेड कांस्टेबल बबलू खान, कांस्टेबल नीरज और कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे।



