15 दिवसीय नर्सरी प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षणार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
राजकीय उद्यान केंद्र जरमोला में आधुनिक नर्सरी प्रबंधन और पौध उत्पादन की दी गई तकनीकी जानकारी

पुरोला::: राजकीय उद्यान केंद्र जरमोला में आयोजित 15 दिवसीय नर्सरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें आधुनिक नर्सरी प्रबंधन, पौध उत्पादन तथा उद्यानिकी की उन्नत तकनीकों की उपयोगी जानकारी मिली है, जिसका लाभ वे भविष्य में स्वरोजगार और बागवानी के विकास में उठा सकेंगे।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए सहायक उप निदेशक उद्यान ज्योति बजेली ने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों को व्यवहार में अपनाने तथा गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन के माध्यम से स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर किसानों और युवाओं को आधुनिक उद्यानिकी से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर उद्यान अधिकारी संदीप चौहान, चंद्रपाल, देवराज सिंह राठी, कार्तिकेय, मयंक सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।



