Blog
Trending

पंवाणी में अतिवृष्टि से सार्वजनिक परिसंपत्तियां क्षतिग्रस्त, हरकीदून ट्रेक का मुख्य पैदल पुल भी टूटा

पेयजल लाइन, पुलिया और पैदल मार्गों को भारी नुकसान; ग्राम प्रधान ने एसडीएम से शीघ्र मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की

पुरोला/मोरी। मोरी विकासखंड की ग्राम पंचायत पंवाणी में अगस्त माह में हुई अतिवृष्टि से कई सार्वजनिक परिसंपत्तियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए ग्राम प्रधान जगतिमा देवी ने उपजिलाधिकारी पुरोला को ज्ञापन भेजकर क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

ग्राम प्रधान के अनुसार लगातार हुई भारी बारिश के कारण गांव की पेयजल लाइन, पुलिया और पैदल मार्गों को काफी नुकसान पहुंचा है। इससे ग्रामीणों के आवागमन के साथ ही क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में नाकुड़ी से प्राथमिक विद्यालय पंवाणी तक की पेयजल लाइन, घराट तोक की पुलिया, गाड़का नामे तोक की आरसीसी पुलिया, रवाडण्डा तोक का पैदल मार्ग तथा गांव से श्मशान घाट तक जाने वाला पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी गई है।

हरकीदून ट्रेकिंग रूट का मुख्य पुल भी क्षतिग्रस्त

ग्राम प्रधान ने विशेष रूप से हरकीदून ट्रेकिंग रूट के मुख्य मार्ग पर स्थित पैदल पुल के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया है। यह पुल स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ हर वर्ष हरकीदून ट्रेक पर पहुंचने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है।

पुल के क्षतिग्रस्त होने से आवाजाही जोखिमभरी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है।

ग्राम प्रधान ने प्रशासन से जनहित और पर्यटन की दृष्टि से सभी क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण कराते हुए जल्द से जल्द मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई होने से ग्रामीणों और पर्यटकों को होने वाली संभावित परेशानियों से बचाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button