मोरी के जखोल गांव में भालू का हमला, 17 वर्षीय किशोर घायल; वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
ठंड बढ़ने के साथ आबादी के नजदीक पहुंच रहे वन्यजीव, वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की

उत्तरकाशी। जनपद के मोरी विकासखंड अंतर्गत जखोल गांव में भालू के हमले से एक 17 वर्षीय किशोर घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब जखोल गांव निवासी अभिषेक पुत्र सुबेलाल छानियों और बगीचे की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान अभिषेक के साथ मौजूद एक अन्य युवक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर भालू किशोर को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद घायल अभिषेक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
घटना को लेकर वन्यजीव पशु विहार की उप निदेशक निधि सेमवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए मोरी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उप निदेशक ने कहा कि सर्दी बढ़ने के साथ जंगली जानवरों की आवाजाही आबादी के नजदीक बढ़ जाती है। ऐसे में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि जंगल की ओर अकेले न जाएं तथा विशेषकर सुबह और शाम के समय और रात में आवाजाही करते हुए सतर्कता बरतें।
लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की आबादी के आसपास आवाजाही के बीच जखोल की यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा रही है।



