उत्तरकाशी पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, पुरोला में ₹4.80 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
नौगांव के विल्ला रुद्रेश्वर मंदिर के पास वाहन चेकिंग के दौरान 15.95 ग्राम स्मैक बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज।

उत्तरकाशी पुलिस ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि” और “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पुरोला पुलिस ने नौगांव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15.95 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹4.80 लाख बताई जा रही है, बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 20 जुलाई की रात नौगांव स्थित विल्ला रुद्रेश्वर मंदिर के समीप वाहन चेकिंग के दौरान स्कूटी संख्या UK10A-8168 को रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार दोनों युवकों के पास से 15.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज रावत (26 वर्ष) पुत्र महिदेव सिंह रावत तथा कुलदीप रावत (38 वर्ष) पुत्र जगवीर सिंह रावत, दोनों निवासी बड़कोट, जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस अधिनियम के 24 मामलों में 30 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 8 किलोग्राम से अधिक चरस तथा 80.67 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। वहीं नशे के कारोबार में लगातार लिप्त 4 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



