पुरोला महाविद्यालय में बैक परीक्षाओं का केंद्र बनाने की मांग, उप परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन
पंचम एवं षष्ठ सेमेस्टर की बैक परीक्षाओं का केंद्र पुरोला में बनाने की मांग, क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ।

पुरोला::: पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गोविंद सिंह ने श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, बादशाहीथौल के उप परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन देकर पंचम एवं षष्ठ सेमेस्टर की बैक परीक्षाओं का केंद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पुरोला में संचालित किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पुरोला एवं मोरी महाविद्यालय के अधिकांश छात्र-छात्राएं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे में अन्य स्थानों पर परीक्षा केंद्र बनाए जाने से विद्यार्थियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है और उन्हें अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि छात्र हितों को देखते हुए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पुरोला तथा राजकीय महाविद्यालय मोरी के पंचम एवं षष्ठ सेमेस्टर की बैक परीक्षाओं का केंद्र पुरोला महाविद्यालय में ही बनाया जाए, ताकि सभी छात्र-छात्राएं सुगमता से परीक्षा में शामिल हो सकें।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय ने समय पर बैक परीक्षाएं आयोजित करने का निर्णय लेकर विद्यार्थियों को राहत दी है। यदि परीक्षा केंद्र भी पुरोला में निर्धारित किया जाता है तो इससे क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा और वे बिना किसी परेशानी के अपनी परीक्षाएं दे सकेंगे।



