पुरोला में सड़क हादसा, 11 महिलाओं सहित चालक घायल; मैक्स वाहन सड़क से उतरा
सौंडाडी के समीप मटियाली छानी के पास हुआ हादसा, सभी घायलों को उप जिला चिकित्सालय पुरोला में कराया गया भर्ती

पुरोला। पुरोला से कंताड़ी की ओर जा रही मैक्स वाहन (यूके-10-टीए-0165) सोमवार को सौंडाडी के समीप मटियाली छानी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर उतर गई। हादसे में वाहन में सवार 11 महिलाओं सहित चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय पुरोला पहुंचाया गया। 
चौकी प्रभारी मोर सिंह चौहान ने बताया कि वाहन में सवार सभी लोग कंताड़ी गांव के निवासी हैं। वे पुरोला क्षेत्र में एक रिश्तेदारी में आए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मटियाली छानी के पास वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।


हादसे में शांति देवी, शुकली देवी, मनीषा, सरिता, सुचिता, किशोरी, साबली देवी, सरोज, सामली, अंजना तथा चालक लोकेश रावत घायल हुए हैं। सभी का उप जिला चिकित्सालय पुरोला में उपचार चल रहा है।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज असवाल ने बताया कि सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी का चिकित्सकीय परीक्षण पूरा होने के बाद ही उनकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



