Blog
Trending

बड़कोट महाविद्यालय में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति को लेकर छात्राओं को दी आवेदन प्रक्रिया की जानकारी

बीए और बीएससी की छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित आवेदन अवधि की दी गई जानकारी

बड़कोट, उत्तरकाशी। राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, उत्तरकाशी में गुरुवार को प्राचार्य की अध्यक्षता तथा IQAC एवं छात्रवृत्ति समिति के संयुक्त तत्वावधान में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति को लेकर एक दिवसीय जागरूकता एवं जानकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत IQAC नोडल एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. अंजु भट्ट ने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से पहुंचे श्री दिनेश का स्वागत करते हुए की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति का संक्षिप्त परिचय भी दिया।

इसके बाद अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि श्री दिनेश ने स्मार्ट कक्षा में स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं को छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि पात्र छात्राओं को अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा और आवेदन के दौरान छह आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।

कार्यक्रम में बताया गया कि छात्रवृत्ति के लिए आवेदन दो चरणों में किए जाएंगे। पहला चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक तथा दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।

महाविद्यालय के छात्रवृत्ति नोडल डॉ. दिनेश शाह ने बीए एवं बीएससी की सभी छात्राओं से छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक रूप से आवेदन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या होने पर छात्राएं महाविद्यालय की छात्रवृत्ति समिति से संपर्क कर सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से पहुंचे श्री दिनेश का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. अंजु भट्ट, डॉ. रश्मि उनियाल, डॉ. दिनेश शाह, डॉ. प्रश्ना मिश्रा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button