प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने शिक्षा निदेशक से की मुलाकात
प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों और शिक्षकों की वास्तविक आवश्यकता के आधार पर भर्ती बढ़ाने की उठाई मांग

देहरादून। उत्तराखंड में प्रस्तावित प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक के.एस. रावत से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक के समक्ष प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों, विद्यालयों की वास्तविक जरूरत और आगामी भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जीएमवीएन के निदेशक पारस गोयल ने किया। इस दौरान डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थी शैलेश बिष्ट, राम नौटियाल, समीर नौटियाल, निकिता, शालिनी और कैलाश जोशी सहित अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।
अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रदेश के कई प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसके चलते पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की वास्तविक आवश्यकता और रिक्त पदों का आकलन कर आगामी भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए। इससे अधिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित होने के साथ ही डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक से इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया।



