गंगोत्री धाम में पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान, कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने पर फोकस
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और बारिश के बीच पुलिस ने मार्गों से हटाया अतिक्रमण, व्यापारियों से सहयोग की अपील।

उत्तरकाशी। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान श्री गंगोत्री धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और बरसात के मौसम को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गंगोत्री धाम के मुख्य मार्गों, सड़क किनारों और प्रमुख स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं के आवागमन को बाधारहित और सुरक्षित बनाए रखना रहा।

अभियान के दौरान पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों और संबंधित लोगों से संवाद कर यात्रा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क और पैदल मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए, ताकि कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही सभी से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने तथा यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई।




