
जनपद उत्तरकाशी में एक गर्भवती महिला को प्रसव संबंधी गंभीर जटिलताएं होने पर जिला प्रशासन की तत्परता से हेली एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में भर्ती श्रीमती राखी देवी (27 वर्ष), पत्नी श्री अभिषेक सिंह, निवासी ग्राम पौन्टी, तहसील बड़कोट को प्रसव के दौरान अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। महिला की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हेली एंबुलेंस की मांग की।

परिजनों के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गर्भवती महिला को बड़कोट हेलीपैड से सहस्त्रधारा हेलीपैड, देहरादून के लिए एयरलिफ्ट कराया, ताकि उन्हें बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
हेली एंबुलेंस संचालन के दौरान फायर सर्विस बड़कोट की टीम भी बड़कोट हेलीपैड पर तैनात रही और आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से गर्भवती महिला को समय पर उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सफलता मिली। :::



