
उत्तरकाशी।जहां सुविधाएं सीमित हों, रास्ते कठिन हों और सपनों तक पहुंचने के लिए हर दिन संघर्ष करना पड़ता हो, वहां से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम सफलता हासिल करना किसी बड़ी प्रेरणा से कम नहीं है। उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड के रमालगांव निवासी युवा धावक सौरभ रावत ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह साबित कर दिया है कि सफलता संसाधनों की नहीं बल्कि संकल्प और समर्पण की मोहताज होती है।
सौरभ रावत ने 24वीं नेशनल जूनियर (अंडर-20) एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता-2026 में 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एशियाई प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जिससे पूरे उत्तराखंड और विशेष रूप से सीमांत मोरी क्षेत्र में खुशी की लहर है।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले सौरभ की यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी सफलता ने क्षेत्र के युवाओं को यह संदेश दिया है कि कठिनाइयां चाहे जितनी भी हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
सौरभ रावत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता पूरे उत्तरकाशी और उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बन गई है।



