उत्तरकाशीउत्तराखंडखेलगढ़वाल
Trending

उत्तराखंड की बेटी महक चौहान का भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में चयन, ताशकंद में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

उत्तरकाशी की खिलाड़ी महक चौहान ने फिर बढ़ाया प्रदेश का मान, सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम

उत्तरकाशी/देहरादून:::उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है। प्रदेश की प्रतिभाशाली रग्बी खिलाड़ी महक चौहान का चयन भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में हुआ है। महक अब भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 16 एवं 17 मई 2026 को ताशकंद, उज़्बेकिस्तान में आयोजित होने वाली सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s रग्बी चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। उनके चयन से पूरे उत्तराखंड सहित उत्तरकाशी जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।

उत्तरकाशी की रहने वाली महक चौहान ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। महक इससे पहले अंडर-18 एवं अंडर-20 भारतीय महिला रग्बी टीम का भी हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पहले भी उत्तराखंड का नाम रोशन किया था। अब सीनियर भारतीय टीम में चयन होने से उनकी उपलब्धियों में एक और बड़ा अध्याय जुड़ गया है।

खेल विशेषज्ञों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद महक ने जिस संघर्ष और समर्पण के साथ अपनी पहचान बनाई है, वह प्रदेश के युवाओं विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। पहाड़ी क्षेत्रों से निकलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन महक ने अपनी प्रतिभा से यह साबित कर दिया कि मेहनत और जुनून के दम पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी महक चौहान को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी तथा फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह ने महक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड रग्बी परिवार के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि महक आने वाले मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। महक की सफलता से प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। पूरे उत्तराखंड रग्बी परिवार ने उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। 🇮🇳🏉

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button