उत्तराखंडदेहरादूनशिक्षकशिक्षा
Trending

प्राथमिक शिक्षक भर्ती की मांग तेज, डीएलएड प्रशिक्षुओं ने शिक्षा मंत्री से की मुलाकात

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया, जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग

देहरादून। डीएलएड 2021–22 बैच के अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल यमुना कॉलोनी स्थित प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के आवास पहुंचा, जहां उन्होंने शिष्टाचार भेंट करते हुए प्रदेश में नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष अपनी बात रखते हुए बताया कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। वर्ष 2026 में बड़ी संख्या में शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने से यह समस्या और गंभीर हो गई है। कई विद्यालयों में एक या दो शिक्षकों के भरोसे ही पूरी व्यवस्था संचालित हो रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

प्रशिक्षुओं ने बताया कि उन्होंने डीएलएड प्रशिक्षण पूरा कर लिया है और लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाती है तो एक ओर जहां शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विद्यालयों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी।

मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रिक्त पदों का आंकलन कर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।

इस अवसर पर रितेश, अंशुमन, शिवानी, मोहित, नवीन, अमन सहित अन्य अभ्यर्थी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button