उत्तरकाशी में नशे पर सख्ती के निर्देश, भांग-अफीम की अवैध खेती पर चलेगा संयुक्त अभियान
डीएम प्रशांत आर्य ने एनकोर्ड समिति की बैठक में दिए निर्देश, 18 अगस्त को जनपदभर में होगा नशा मुक्ति शपथ एवं जागरूकता अभियान।

उत्तरकाशी। जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध भांग एवं अफीम की खेती पर नियंत्रण तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पुलिस, वन एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर संदिग्ध क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध भांग और अफीम की खेती वाले क्षेत्रों की पहचान कर ऐसी फसलों को तत्काल नष्ट करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में समाज कल्याण विभाग को युवाओं के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी 18 अगस्त को आयोजित होने वाले नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए ऑडियो-वीडियो क्लिप, जागरूकता रैलियां, स्कूली बच्चों की भाषण प्रतियोगिता तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं ताकि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर समाज को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सके।
बैठक में डीएफओ रविंद्र पुंडीर, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, सीईओ अमित कोटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।



