Blog
Trending

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी

संस्कार इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल पुरोला में आयोजित शिविर में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे से बचाव और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में किया जागरूक।

पुरोला::: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तरकाशी के तत्वावधान में संस्कार इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, पुरोला में शुक्रवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा न्यायिक सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट पुरोला विवेक शर्मा ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान प्रदत्त अधिकारों, कर्तव्यों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

चौकी प्रभारी अक्षु रानी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे से बचाव, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

प्राविधिक कार्यकर्ता दर्शन लाल एवं चंद्रकला ने भी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विधिक सहायता सेवाओं तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी विभिन्न कानूनी विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में उत्तर दिया।

विद्यालय प्रबंधन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button