पुरोला के गुंदियाटगांव के छात्र विकास कुमार का बाल विधायक के रूप में चयन
पंचम बाल विधानसभा-2026 में करेंगे प्रतिभाग, विद्यालय को लगातार दूसरी राज्य स्तरीय उपलब्धि परमालिंक:

पुरोला। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गुंदियाटगांव के छात्र विकास कुमार का चयन उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से आयोजित पंचम बाल विधानसभा-2026 के लिए बाल विधायक के रूप में हुआ है। छात्र के चयन से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आयोग की ओर से प्रदेशभर में निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत 70 बाल विधायक एवं 70 स्टैंडबाय बाल विधायकों का चयन किया गया है। इसी प्रक्रिया में विकास कुमार ने अपनी प्रतिभा, अभिव्यक्ति क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर स्थान बनाया है। विकास कुमार 12 अक्टूबर को देहरादून में आयोजित पंचम बाल विधानसभा-2026 में बाल विधायक के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह सजवाण ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि बाल विधानसभा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल के साथ-साथ बाल अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि विकास कुमार का चयन विद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
छात्र की इस सफलता में मार्गदर्शक शिक्षक कवीन्द्र सिंह चौहान एवं नितिन रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों शिक्षकों ने चयन प्रक्रिया के दौरान छात्र का निरंतर मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय ने लगातार दूसरी राज्य स्तरीय उपलब्धि भी अपने नाम की है। इससे पहले गत माह विद्यालय के छात्र सतीश कुमार का मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन प्रतियोगिता के राज्य स्तरीय चरण के लिए चयन हुआ था।
विद्यालय परिवार ने विकास कुमार को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह बाल विधानसभा में पुरोला विधानसभा क्षेत्र एवं विद्यालय का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे



