Blog
Trending

गड्ढों में गुम हुआ मुख्यमंत्री से अधिक विकास का दावा, ग्रामीण कर रहे रोजाना जोखिम भरा सफर

ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग, विभाग बोला- री-टेंडरिंग प्रक्रिया जारी

पुरोला। फिताड़ी–कसला मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति से क्षेत्र के लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में हालात और अधिक गंभीर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत जर्जर बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक स्थायी सुधार के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। खराब सड़क के कारण स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कासला के ग्राम प्रधान मूर्ति सिंह राणा तथा लिवाड़ी के प्रधान प्रतिनिधि प्रमोद रावत ने बताया कि फिताड़ी–कसला मोटर मार्ग की दुर्दशा से पूरा क्षेत्र प्रभावित है। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत और सुधारीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाना चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने संबंधित विभाग से इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।

वहीं, वेवकॉस के अधिशासी अभियंता आशीष चौधरी ने बताया कि पूर्व में जिस ठेकेदार को सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण का कार्य दिया गया था, वह कार्य बीच में छोड़कर चला गया। इसके बाद अब दोबारा री-टेंडरिंग की प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़क अधिक क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल राहत के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के माध्यम से जेसीबी लगाकर मार्ग को दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।

हालांकि, क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्थायी समाधान होने तक उन्हें राहत नहीं मिलेगी। अब लोगों की निगाहें री-टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी होने और सड़क के गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button