कुशकल्याण को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर दिलाएंगे मजबूत पहचान: विजयपाल सजवाण
पर्यटन मेले में पहुंचे पूर्व विधायक, बोले—प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के साथ बुनियादी सुविधाओं का विकास भी जरूरी

उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने नाल्डकठूड़ क्षेत्र के सिल्ला गांव में आयोजित कुशकल्याण पर्यटन मेला-2026 में प्रतिभाग किया। कुशकल्याण पर्यटन एवं पर्यावरण उत्थान समिति सिल्ला, जौड़ाव एवं भेलाटिपरी तथा तीनों गांवों के ग्रामीणों के आमंत्रण पर मेले में पहुंचे सजवाण ने आयोजकों और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि कुशकल्याण उत्तरकाशी की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का अनमोल खजाना है। विशाल बुग्यालों, प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और समृद्ध लोक संस्कृति से संपन्न यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अपार संभावनाएं रखता है। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से इन संभावनाओं को विकसित कर कुशकल्याण को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाई जा सकती है।

सजवाण ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केवल प्रचार-प्रसार पर्याप्त नहीं है। क्षेत्र में बेहतर सड़क, संचार, पेयजल, बिजली, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं, महिला समूहों और ग्रामीणों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं, जिससे क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि श्री चंदनागिरी नाग देवता मंदिर के प्रांगण में आयोजित पर्यटन मेला प्रकृति, संस्कृति और आस्था का सुंदर संगम है। ग्रामीणों की ओर से लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा को पर्यटन से जोड़ने का प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है।
पूर्व विधायक ने कहा कि कुशकल्याण क्षेत्र में पर्यटन और बुनियादी विकास को गति देने तथा क्षेत्र की समस्याओं और आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं और विकास की जरूरतों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सालू ज्योति राणा, ग्राम प्रधान सिल्ला सुमित्रा रावत, सदस्य क्षेत्र पंचायत पार्वती नेगी, ग्राम प्रधान जौड़ाव अनीता राणा एवं प्रधान भेलाटिपरी सरोज राणा सहित आयोजन समिति और तीनों गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिला पंचायत प्रतिनिधि राजेंद्र ‘राजू’ राणा, अनिल रावत, देवेंद्र नाथ, सुभाष रावत, भाजपा मंडल महामंत्री एवं प्रधान प्रतिनिधि विनोद रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।



