
उत्तरकाशी जनपद की मोरी तहसील अंतर्गत देवती गांव में मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे भीषण आग लगने से एक दो मंजिला आवासीय भवन जलकर राख हो गया। आग लगने की इस घटना में घर में रखा नकदी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह जल गया।

बताया जा रहा है कि मकान मालिक कल्लू पुत्र पचैया के घर की रसोई से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख परिवार और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पानी की बाल्टियों और बर्तनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक भवन पूरी तरह जल चुका था।

आग बुझाने के दौरान मकान मालिक कल्लू आंशिक रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया।
राजस्व विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को राहत सामग्री और सहायता राशि वितरित की गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण रसोई के चूल्हे से निकली चिंगारी माना जा रहा है।


