Blog
Trending

कांवड़ मेले में उत्कृष्ट ड्यूटी पर 63 पुलिसकर्मी सम्मानित, एसपी ने थपथपाई पीठ

उत्तरकाशी। पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित भागीरथी कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध, नशे के खिलाफ कार्रवाई, यातायात व्यवस्था और मानसून तैयारियों की समीक्षा की गई।

कांवड़ मेला-2026 के दौरान उत्कृष्ट एवं जिम्मेदारीपूर्ण ड्यूटी निभाने वाले 63 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने कहा कि श्री गंगोत्री धाम में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़ियों और वाहनों की आवाजाही के बीच पुलिसकर्मियों ने बरसात एवं विभिन्न चुनौतियों के बावजूद बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

सम्मानित होने वालों में निरीक्षक दिनेश कुमार (एसएचओ कोतवाली), दीपक नौटियाल (एसएचओ मनेरी), प्रदीप सिंह तोमर (एसएचओ हर्षिल), मनोज असवाल (एसएचओ धरासू), निरीक्षक यातायात सुनील कुमार सहित उपनिरीक्षक, अपर उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी, महिला आरक्षी, होमगार्ड एवं पीआरडी जवान शामिल रहे।

नशे और अपराध पर सख्ती के निर्देश

समीक्षा बैठक में एसपी ने नशे की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। स्मैक, चरस, गांजा एवं अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आदतन अपराधियों को चिन्हित कर गैंगस्टर एक्ट सहित निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। महिला अपराध एवं गुमशुदगी के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर सेल के साथ बेहतर समन्वय, म्यूल बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। लंबित विवेचनाओं, शिकायतों, समन, नोटिस और वारंटों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

मानसून को लेकर पुलिस अलर्ट

मानसून के मद्देनजर सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आपदा उपकरण, वाहन और पर्याप्त पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। आपदा स्वयंसेवकों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें राहत एवं बचाव कार्यों का आवश्यक प्रशिक्षण देने को कहा गया।

सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों से आमजन के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा अनुशासन के साथ जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

अभियोजन अधिकारियों ने विवेचकों को दिया मार्गदर्शन

सम्मेलन में सहायक निदेशक अभियोजन अरुण गौड़ ने अभियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी। डीजीसी प्रवीण एवं एडीजीसी पूनम ने विवेचकों को अभियोजन प्रक्रिया, विवेचनाओं की गुणवत्ता और आवश्यक सुधार के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, निरीक्षक यातायात सुनील कुमार, प्रभारी एसओजी निखिल देव चौधरी सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button