
चारधाम यात्रा के दौरान नशा तस्करों पर उत्तरकाशी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी, धरासू पुलिस द्वारा एक और स्मैक तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों पर लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में नशा तस्करी, संदिग्ध गतिविधियों और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।
नशामुक्त अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक उत्तरकाशी पुलिस द्वारा NDPS एक्ट के 17 मामलों में 20 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने 8 किलो से अधिक चरस और 32.5 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके अलावा 4 तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि अवैध अफीम खेती के मामलों में 31 भू-स्वामियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक धरासू के नेतृत्व में धरासू पुलिस टीम ने शनिवार देर शाम गंगोत्री नेशनल हाईवे स्थित धरासू बैंड के पास मरगांव मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक युवक को स्मैक तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार युवक की पहचान शिवओम नौटियाल पुत्र नरेश मणि नौटियाल निवासी जोशियाडा, उत्तरकाशी (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई है। युवक के कब्जे से 5.21 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.6 लाख रुपये बताई जा रही है।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली धरासू में NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी-
उपनिरीक्षक तसलीम आरिफ (चौकी प्रभारी चिन्यालीसौड़), अपर उपनिरीक्षक शंकर सिंह, कांस्टेबल विनोद गैरोला एवं कांस्टेबल राकेश सिंह।



