मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, कार्य बहिष्कार जारी
तहसील परिसर में शासन के खिलाफ प्रदर्शन, लिखित आदेश जारी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

पुरोला विभिन्न लंबित मांगों के समाधान को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का आंदोलन तेज हो गया है। संयुक्त संगठन मोर्चा उत्तराखंड के आह्वान पर शुक्रवार से विकासखंड पुरोला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने विभागीय कार्यों का बहिष्कार जारी रखते हुए शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आंदोलनरत कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन स्तर पर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस एवं लिखित निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन, ऑफलाइन और पोषण ट्रैकर समेत सभी विभागीय कार्यों का बहिष्कार कर दिया है।
धरने पर बैठी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों के संबंध में शासन की ओर से सकारात्मक पहल करते हुए लिखित आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सीमा सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष निर्मला, कांता, विजय लक्ष्मी, पुलम देवी, अनिता, राखी, सतेश्वरी, दीपिका, सीमा, राजेश्वरी, मनीषा, सुनीता, कुसुम, रमला, झूली देवी, पुष्पा, अस्मिता, विनीता, गंगोत्री सहित विकासखंड पुरोला की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।



