दीपक बिजल्वाण की पहल पर चिन्यालीसौड़ में आयोजित हुई नशामुक्ति जागरूकता क्विज प्रतियोगिता

चिन्यालीसौड़। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में नशामुक्त समाज और शिक्षित युवा के संकल्प को लेकर दीपक बिजल्वाण की ओर से ‘नशे को ना, शिक्षा को हाँ’ अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
दीपक बिजल्वाण ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जिस युवा के हाथ में किताब होगी, उसका भविष्य बेहतर होगा और समाज भी मजबूत बनेगा।

उन्होंने युवाओं एवं आमजन से नशे से दूर रहने, शिक्षा को अपनाने और चिन्यालीसौड़ को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे को ना और शिक्षा को हां का संकल्प ही आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की पहचान बनेगा।



