गेंचवाँन के अस्पतालों में डॉक्टरों का टोटा, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं से ग्रामीण परेशान
एलोपैथिक व आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में नियमित चिकित्सकों और कर्मचारियों की कमी, ग्रामीणों ने स्थायी तैनाती की उठाई मांग

पुरोला। विकासखंड मोरी के दूरस्थ गेंचवाँन गांव स्थित एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की कमी को लेकर ग्रामीणों में रोष है। दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।
प्रधान संगठन मोरी के अध्यक्ष कैलाश डिमरी एवं ग्राम प्रधान सविता रांगड़ ने बताया कि दोनों चिकित्सालयों में लंबे समय से नियमित चिकित्सकों और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में स्थायी रूप से चिकित्सकों और कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग की है।
इस संबंध में प्रधान अचपाल रावत, महेंद्र सिंह, हरि सिंह, भाग चंद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को शीघ्र सुचारु करने की मांग उठाई। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि जल्द ही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितेश रावत ने बताया कि गेंचवाँन स्वास्थ्य केंद्र में 15-15 दिन के अंतराल पर चिकित्सकों की तैनाती की व्यवस्था की गई है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। उन्होंने बताया कि केंद्र में एक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) की स्थायी तैनाती है, लेकिन वर्तमान में वह मातृत्व अवकाश पर हैं।
उन्होंने आगे बताया कि गेंचवाँन आयुर्वेदिक चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जिसके चलते वहां चिकित्सक का पद रिक्त है। इस संबंध में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



