Blog
Trending

Sirga Compensation News: सड़क निर्माण में जमीन-फसल का नुकसान, मुआवजे के लिए ग्रामीणों ने SDM से लगाई गुहार

पांव–सिरगा मोटर मार्ग निर्माण को बीते करीब चार साल, ग्रामीणों का आरोप—नुकसान के बावजूद अब तक नहीं मिला प्रतिकर

पुरोला। पांव–सिरगा मोटर मार्ग निर्माण के दौरान भूमि और फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा वर्षों बाद भी नहीं मिलने से ग्राम सिरगा के ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रभावित ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी पुरोला मुकेश रमोला को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और पात्र किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2022-23 में सड़क निर्माण के दौरान हुई कटिंग और मलबे से कई किसानों की उपजाऊ भूमि प्रभावित हुई। इसके अलावा सेब, अखरोट और खुबानी के फलदार पेड़ों तथा चौलाई, मंडुवा और राजमा जैसी कृषि फसलों को भी नुकसान पहुंचा।

ग्रामीणों का कहना है कि नुकसान का आकलन होने के बावजूद उन्हें अब तक प्रतिकर नहीं मिला है। सड़क कटिंग को करीब चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन प्रभावित भूमि के सत्यापन और मुआवजा वितरण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व अभिलेखों के आधार पर प्रभावित भूमि का सीमांकन एवं सत्यापन कराने, पात्र किसानों की सूची तैयार करने और मुआवजा प्राप्त कर चुके तथा वंचित किसानों की जांच कराने की मांग की। साथ ही फलदार पेड़ों और कृषि फसलों की क्षति का नियमानुसार आकलन कर राजस्व विभाग एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की गई।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि किसी पात्र किसान का मुआवजा विभागीय स्तर पर लंबित है तो उसका कारण स्पष्ट कर तत्काल भुगतान कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर वे अपने अधिकारों के लिए आगे संघर्ष करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button