आपदा से प्रभावित किसानों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, मुआवजा और Farmer ID प्रक्रिया तेज करने की मांग
प्रकाश कुमार के नेतृत्व में पुरोला, नौगांव और मोरी के किसानों ने एसडीएम के माध्यम से सौंपा ज्ञापन, केसीसी ऋण राहत और मुफ्त बीज-खाद की भी उठाई मांग।
पुरोला। विकासखंड पुरोला, नौगांव और मोरी के किसानों ने प्रकाश कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री उत्तराखंड को उपजिलाधिकारी पुरोला के माध्यम से ज्ञापन भेजकर हालिया अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं दैवीय आपदा से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि भारी वर्षा और ओलावृष्टि के कारण सेब, टमाटर, शिमला मिर्च सहित अन्य नगदी फसलें तथा धान की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है और उनकी आजीविका पर संकट गहरा गया है।
किसानों ने मांग की कि राजस्व, कृषि एवं उद्यान विभाग की संयुक्त टीम गठित कर विशेष सर्वे कराया जाए तथा एसडीआरएफ के मानकों के अनुसार प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए।
ज्ञापन में किसान पहचान संख्या (Farmer ID) बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने की भी मांग की गई। किसानों का कहना है कि क्षेत्र के करीब 80 प्रतिशत किसान अभी तक फार्म रजिस्ट्री से वंचित हैं, जिसके कारण वे सरकारी योजनाओं और राहत का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।


इसके अलावा किसानों ने केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण की किस्तें स्थगित करने, ब्याज माफी तथा आगामी कृषि सीजन के लिए रियायती अथवा निःशुल्क बीज एवं खाद उपलब्ध कराने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी।
प्रकाश कुमार ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के किसानों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। यदि समय रहते राहत पैकेज और आवश्यक सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई तो हजारों किसान आर्थिक संकट में फंस सकते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से किसानों के हित में तत्काल प्रभाव से राहत पैकेज जारी करने की मांग की।
ज्ञापन पर नेपाल सिंह, प्रदीप कलूड़ा, प्रेम लाल, विनोद, सुरति राम, दुर्गू लाल, चतरिया सहित अन्य किसानों के हस्ताक्षर हैं।



