बड़कोट पुलिस ने लौटाई 20 लोगों की मुस्कान, CEIR पोर्टल से ₹5 लाख के गुमशुदा मोबाइल बरामद
चारधाम यात्रियों समेत मोबाइल स्वामियों को सौंपे फोन, पुलिस ने CEIR पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की

बड़कोट/उत्तरकाशी। उत्तरकाशी पुलिस द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़कोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और तकनीकी एवं फील्ड प्रयासों की मदद से करीब ₹5 लाख मूल्य के 20 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चंद्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

31 जुलाई 2026 को बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए गए। इनमें से 7 मोबाइल फोन के स्वामियों को कोतवाली बड़कोट बुलाकर विधिवत उनके मोबाइल लौटाए गए, जबकि 13 मोबाइल फोन चारधाम यात्रा सीजन के दौरान तीर्थयात्रियों के गुम हुए थे, जिन्हें उनके द्वारा दिए गए पते पर डाक/स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज दिया गया।

अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने उत्तरकाशी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

उत्तरकाशी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो CEIR पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज करें। यह पोर्टल मोबाइल फोन को ब्लॉक करने और ट्रेस करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है।



