Blog
Trending

उत्तरकाशी में भाजपा ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, रावल सतीश सेमवाल बने आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के जिला संयोजक

राहत-बचाव कार्यों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने पर रहेगा फोकस, कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जताई खुशी

उत्तरकाशी। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के साथ-साथ आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के जिला संयोजकों की घोषणा की है। इसी क्रम में उत्तरकाशी जनपद की जिम्मेदारी गंगोत्री धाम के रावल सतीश सेमवाल को सौंपी गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश तथा प्रदेश आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी की सहमति के बाद रावल सतीश सेमवाल की नियुक्ति की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की।

भाजपा के अनुसार, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के पुनर्गठन का उद्देश्य प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक सक्रिय, सशक्त और समन्वित बनाना है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

नवनियुक्त जिला संयोजक रावल सतीश सेमवाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरकाशी जनपद आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है और यह भूकंपीय जोन-4 एवं जोन-5 में स्थित है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के माध्यम से संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

रावल सतीश सेमवाल की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री महावीर सिंह नेगी, प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष बैशाखू लाल, भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह पंवार, संजय उनियाल सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए रावल सतीश सेमवाल को शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button