Blog
Trending

पुरोला थानाध्यक्ष ने बीच सड़क पर लगाई नाबालिग राइडरों की पाठशाला, दी सख्त चेतावनी

बिना लाइसेंस वाहन चला रहे छात्रों को रोककर यातायात नियमों की दी जानकारी, अभिभावकों और विद्यालयों से भी सहयोग की अपील

पुरोला/उत्तरकाशी। सड़क सुरक्षा और नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुरोला थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने अनोखे अंदाज में कार्रवाई करते हुए बीच सड़क पर ही नाबालिग स्कूटी और बाइक राइडरों की “पाठशाला” लगाई।

इस दौरान विभिन्न इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत छात्रों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर होने वाले कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। थानाध्यक्ष ने छात्रों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई नाबालिग दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसका आर्थिक और कानूनी नुकसान अभिभावकों को भी उठाना पड़ सकता है।

पुलिस ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से भी अपील की कि वे नाबालिग छात्रों को वाहन उपलब्ध न कराएं तथा सड़क सुरक्षा के प्रति उन्हें जागरूक करें। साथ ही बाल अपराध और यातायात नियमों के प्रति बच्चों को समय-समय पर समझाने का भी आग्रह किया गया।

पुरोला पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल चालान करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि छात्रों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि जागरूकता के बावजूद यदि नियमों का उल्लंघन जारी रहा तो आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button