उफनती कमल नदी से गाय का सफल रेस्क्यू, फायर सर्विस और नगर पालिका टीम ने बचाई जान
लगातार बारिश के बीच तेज बहाव में पत्थरों के बीच फंसी गाय को जोखिम भरे अभियान के बाद सुरक्षित निकाला गया।

पुरोला/उत्तरकाशी। लगातार हो रही बारिश के कारण उफान पर बह रही कमल नदी में फंसी एक गाय का फायर सर्विस और नगर पालिका परिषद पुरोला की संयुक्त टीम ने सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। तेज बहाव और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद राहत एवं बचाव दल ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


जानकारी के अनुसार, तेज बारिश के चलते कमल नदी का जलस्तर बढ़ गया था। इसी दौरान एक गाय बहाव में फंसकर बड़े पत्थरों के बीच अटक गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस और नगर पालिका परिषद पुरोला की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।


उफनती नदी के तेज बहाव के बीच राहत दल ने अपनी जान जोखिम में डालकर काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे।


प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों ने फायर सर्विस एवं नगर पालिका कर्मचारियों की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते रेस्क्यू नहीं किया जाता तो गाय की जान बचाना मुश्किल हो सकता था।
प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से नदी-नालों और गदेरों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।
रेस्क्यू अभियान में फायर सर्विस के राजीव कवि, दिनेश कुमार और अमित चौधरी तथा नगर पालिका परिषद के चंद्रपाल, प्रशांत और नागेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



