
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित और सुगम संचालन को लेकर होटल एसोसिएशन यमुनावैली के पदाधिकारियों ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय से शिष्टाचार भेंट कर उत्तरकाशी पुलिस के कार्यों की सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा मार्गों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, खोया-पाया सहायता केंद्रों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा पुलिस कर्मियों की 24 घंटे मुस्तैद ड्यूटी की प्रशंसा की।

होटल एसोसिएशन यमुनावैली के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा ने कहा कि इस वर्ष यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर पुलिस का व्यवहार बेहद संवेदनशील और पेशेवर रहा। ट्रैफिक जाम की स्थिति काफी हद तक नियंत्रित रही, पार्किंग व्यवस्था बेहतर रही और होटल व्यवसायियों को भी आवश्यक सहयोग मिला। इससे श्रद्धालुओं का यात्रा अनुभव सुखद बना और स्थानीय व्यापार को भी लाभ पहुंचा।
उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान नशे और अवैध शराब की तस्करी पर भी प्रभावी अंकुश देखने को मिला। पुलिस द्वारा कई नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इस अवसर पर होटल एसोसिएशन यमुनावैली ने पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के समन्वय और सहयोग की अपेक्षा जताई।
एसोसिएशन और यात्रा कारोबारियों के अनुसार उत्तरकाशी पुलिस की प्रभावी व्यवस्थाओं के कारण चारधाम यात्रा के अब तक के 59 दिनों में लगभग 11.30 लाख श्रद्धालु श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम के सुरक्षित एवं निर्बाध दर्शन कर चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने होटल एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरकाशी पुलिस का लक्ष्य “सुरक्षित यात्रा – सुखद यात्रा” सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता, व्यापारियों, यात्रा कारोबारियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों से यात्रा और पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।
बैठक में यमुनोत्री धाम के रावल ज्योति प्रसाद उनियाल, पूर्व प्रधान चैन सिंह रावत, उपाध्यक्ष अनिल सिंह चौहान, धनश्याम नौटियाल, दिपिन राणा, विनोद डिमरी, राजदीप रौंतेला, बलदेव परमार, अभिषेक सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



