
ओमान के तट के पास एक वाणिज्यिक तेल एवं रसायन उत्पाद टैंकर पर अमेरिकी कार्रवाई के बाद तीन भारतीय नाविक लापता हो गए हैं। जहाज पर कुल 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन की तलाश जारी है।
घटना के बाद भारत सरकार ने अमेरिका के समक्ष औपचारिक विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं और इससे नाविकों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
भारत ने अमेरिका से स्पष्ट कहा है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर चलने वाले व्यापारिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। साथ ही क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने और कूटनीतिक समाधान निकालने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और लापता भारतीय नाविकों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च एंड रेस्क्यू अभियान पर नजर रखे हुए है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का दावा है कि जहाज को निर्देशों का पालन नहीं करने पर उसके इंजन रूम को निशाना बनाकर कार्रवाई की गई। वहीं भारत ने दोहराया है कि समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जानी चाहिए।



