Blog
Trending

जिला पंचायत बोर्ड बैठक में विकास कार्यों पर मंथन, अफसरों की गैरहाजिरी पर नाराजगी

आय बढ़ाने से लेकर चारधाम व्यवस्था तक, जिला पंचायत ने तय की नई कार्ययोजना

उत्तरकाशी। जिला पंचायत उत्तरकाशी की बोर्ड बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विकास कार्यों, ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं, जिला पंचायत की आय बढ़ाने तथा चारधाम यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध परिसंपत्तियों का सर्वेक्षण कर अभिलेखों को अद्यतन करने तथा उनकी वर्तमान स्थिति और उपयोगिता की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। परिसंपत्तियों को नियमानुसार लीज, अनुबंध अथवा पीपीपी मोड पर संचालित कर आय के नए स्रोत विकसित करने पर जोर दिया गया। यमुनोत्री धाम, गंगोत्री धाम, जानकीचट्टी और गंगनानी सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों की संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय भी लिया गया।

बोर्ड बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क, पुलिया, पेयजल, विद्युत और स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। चारधाम यात्रा मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा गंगोत्री एवं यमुनोत्री मार्ग पर नियमित निरीक्षण और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

जिला पंचायत द्वारा संचालित गेस्ट हाउस, यात्री विश्राम गृह एवं अन्य परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

विभागवार हुई समीक्षा

बैठक में पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, जल संस्थान, जल निगम, समाज कल्याण और शिक्षा समेत विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। पेयजल संकट वाले गांवों का चिन्हीकरण कर प्राथमिकता से समाधान करने तथा क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों और अनियमित जलापूर्ति की समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते तारों और क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने तथा आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य शिविर एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पेयजल, विद्युत, शौचालय और भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ ही शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं समाज कल्याण विभाग को पात्र लाभार्थियों को पेंशन, छात्रवृत्ति एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने को कहा गया।

अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

बोर्ड बैठक में अनुपस्थित विभागीय अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। संबंधित अधिकारियों को बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों को प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ लागू करने तथा आगामी समीक्षा बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य, सिंचाई, पशुपालन, शिक्षा, पर्यटन, उरेडा, विद्युत, कृषि और उद्यान सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत सदस्यगण एवं विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button