उत्तरकाशी में मतदाता सूची का विशेष सत्यापन अभियान, 10 अक्टूबर तक बूथों पर होंगे विशेष शिविर
12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ और बीएलए-2 करेंगे घर-घर सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की होगी कार्रवाई

उत्तरकाशी, 08 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि 08 से 10 अक्टूबर तक जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का बूथ स्तर पर गहन परीक्षण किया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से सूची का बारीकी से अवलोकन करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित कराने में सहयोग की अपील की गई।
उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराने की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के संबंध में नियमानुसार दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक बीएलओ एवं राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान हाल में मतदाता सूची में जोड़े गए नामों का भी सत्यापन होगा। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होने से छूट गया है तो नियमानुसार आवश्यक प्रपत्र भरवाकर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची का सत्यापन निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, कांग्रेस से दिनेश गौड़, बीएसपी से रमेश राज, राजीव नौटियाल, हरीश डंगवाल, मनोज सिंह, जयचंद रावत, महावीर नेगी, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



