बेसिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग, D.El.Ed प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने विधायक प्रीतम सिंह से की मुलाकात
शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर विधायक से मिले प्रशिक्षित युवा

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी बेसिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर D.El.Ed प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने चकराता विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में अधिक से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को प्रदेश के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी, शिक्षकविहीन और एकल शिक्षक विद्यालयों की स्थिति से अवगत कराया। अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रदेश में हजारों प्रशिक्षित युवा लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पदों पर भर्ती किया जाना आवश्यक है।
अभ्यर्थियों ने मांग की कि आगामी बेसिक शिक्षक भर्ती में अधिक से अधिक पदों को शामिल किया जाए, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिले।



