कर्णप्रयाग-गैरसैंण हाईवे पर अचानक गिरा मलबा, बाल-बाल बचा स्कूटी सवार; यातायात बाधित
सिमली और सिरोली के बीच सुबह करीब 8 बजे हुआ भूस्खलन, मलबे में दबी स्कूटी; सड़क के दोनों ओर लगी वाहनों की कतार

चमोली। कर्णप्रयाग-गैरसैंण राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिमली और सिरोली के बीच गुरुवार सुबह अचानक भूस्खलन होने से अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरते देख एक स्कूटी सवार ने समय रहते खतरे को भांप लिया और स्कूटी सड़क पर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गया। कुछ ही सेकेंड बाद भारी मलबा सड़क पर आ गिरा और स्कूटी उसके नीचे दब गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे से पहले पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने शुरू हो गए थे। खतरे का अंदेशा होते ही स्कूटी सवार तत्काल मौके से हट गया, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद देखते ही देखते पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा।
भूस्खलन के चलते कर्णप्रयाग-गैरसैंण राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर मलबा आने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। मार्ग को सुचारू करने के लिए मशीनों की मदद ली जा रही है। हाईवे पर यातायात प्रभावित होने से यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



