Blog
Trending

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की बैठक में कई अहम फैसले, जल्द खुलेंगी नई शाखाएं

मोबाइल-नेट बैंकिंग, MSME ऋण में क्रेडिट गारंटी, महिलाओं के लिए बिना गारंटी ऋण और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भारत दर्शन योजना पर जोर

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की प्रबंध समिति की बैठक बुधवार को बैंक सभागार में प्रबंध समिति की अध्यक्ष श्रीमती शारदा सत्येंद्र राणा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बैंक की वित्तीय स्थिति, व्यावसायिक प्रगति, ऋण एवं जमा व्यवसाय, वसूली, शाखाओं के कार्यों और बैंकिंग गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बैंक के सचिव/महाप्रबंधक ने बैंक की वर्तमान प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी समिति को दी। समिति ने बैंक के हित में प्रस्तुत विभिन्न प्रस्तावों पर विचार करते हुए कई दिशा-निर्देश जारी किए।

जल्द शुरू होगी मोबाइल और नेट बैंकिंग सुविधा

बैठक में बताया गया कि ग्राहकों को आधुनिक, सुगम और त्वरित बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल बैंकिंग सेवा लागू करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही बैंक में मोबाइल बैंकिंग सेवा शुरू होने की बात कही गई। इसके साथ ही नेट बैंकिंग सुविधा लागू करने के लिए भी आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

MSME ऋण में मिलेगी क्रेडिट गारंटी सुविधा

सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक को CGTMSE (Credit Guarantee Fund Trust for Micro and Small Enterprises) की सदस्यता प्राप्त हो गई है। इसके माध्यम से जल्द ही MSME ऋण लेने वाले ग्राहकों को क्रेडिट गारंटी सुविधा का लाभ दिए जाने की बात कही गई। बैंक का उद्देश्य जनपद में रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

महिलाओं के लिए बिना गारंटी ऋण योजना

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंक में मातृशक्ति सशक्तिकरण ऋण योजना लागू की गई है। योजना के तहत कृषि, पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय और लघु उद्योग जैसे कार्यों के लिए महिलाओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए भारत दर्शन और चारधाम यात्रा ऋण

वरिष्ठ नागरिकों के लिए भारत दर्शन योजना लागू की गई है। इसके तहत इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों को भारत भ्रमण और चारधाम यात्रा के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

9 नई शाखाओं के लिए तैयारी

बैंक की सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनपद के कोटधार, धारी कलोगी और सांकरी में तीन नई शाखाएं खोलने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से अनुमति/स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद इन तीन स्थानों पर शाखाएं खोलने की कार्यवाही की जाएगी।

इसके बाद मातली और झाला में भी नई शाखाएं खोलने के लिए आरबीआई से अनुमति हेतु प्रस्ताव भेजने की बात कही गई। वहीं नैटवाड़, कण्डियाल गांव, हुडोली और गंगटाड़ी (राजगढ़ी) में नई शाखाएं खोलने के लिए आवश्यक सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं।

एनपीए 3 प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य

बैठक में बैंक के सकल एनपीए को आरबीआई के निर्धारित मानकों के अंतर्गत लाने पर भी चर्चा हुई। वित्तीय वर्ष 2026-27 की समाप्ति तक बैंक का सकल एनपीए 3 प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी शाखाओं को एनपीए वसूली के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

बैंक ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की समाप्ति तक 20 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित करने का लक्ष्य भी रखा है। इसके लिए शाखाओं को निर्धारित जमा और ऋण वितरण लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए।

स्वरोजगार योजनाओं में बढ़ेगा ऋण वितरण

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित ऋण योजनाओं के तहत अधिक से अधिक ऋण वितरण करने के निर्देश दिए गए। बैंक की ओर से होमस्टे, MSME, वाहन सहित स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं में ऋण वितरण बढ़ाने पर जोर दिया गया।

ग्राहकों को आकर्षित करने और ऋण वितरण बढ़ाने के लिए नवरात्रि से विशेष त्योहार योजना लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत भवन, वाहन और आवास ऋण योजनाओं में ब्याज दरों पर विशेष छूट दिए जाने की बात कही गई।

सभी शाखाओं में ATM सुविधा का लक्ष्य

वर्तमान में बैंक की 7 शाखाओं में ATM संचालित हो रहे हैं। जल्द ही अन्य शाखाओं में भी ATM लगाने की कार्यवाही किए जाने की जानकारी दी गई।

ग्रामीणों और किसानों तक बैंकिंग सेवा पहुंचाने पर जोर

अध्यक्षा श्रीमती शारदा सत्येंद्र राणा ने कहा कि बैंक का लक्ष्य हर ग्रामीण और किसान तक बैंकिंग सेवा पहुंचाना है। बैंकिंग सेवाओं को डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर ग्रामीणों, किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों, युवाओं और महिलाओं को सहज एवं सरल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं से जोड़कर युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा बैंक के कारोबार को बढ़ाना बैंक की प्राथमिकता है।

खरसाड़ी समिति के पुनः संचालन के निर्देश

बैठक में अध्यक्ष ने जिला सहायक निबंधक, उत्तरकाशी को गडूगाड़ और खरसाड़ी समिति की तत्काल रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर समिति का पूर्व की भांति संचालन शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button