Blog
Trending
मलबे के चपेट में आई 33 केवी लाइन, बड़कोट, पुरोला और मोरी की बिजली आपूर्ति प्रभावित
तिलाड़ी रोड पर जल संस्थान की वाटर लिफ्टिंग के पास भूस्खलन से लाइन क्षतिग्रस्त, लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण मरम्मत कार्य फिलहाल संभव नहीं

उत्तरकाशी। बड़कोट-तिलाड़ी रोड पर जल संस्थान की वाटर लिफ्टिंग के पास भूस्खलन और मलबा आने से 33 केवी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इस लाइन से बड़कोट, पुरोला और मोरी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जाती है, जिसके चलते इन इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, लगातार मलबा और पत्थर गिरने से क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत करना संभव नहीं है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जब तक पत्थर गिरना बंद नहीं होता और स्थिति सुरक्षित नहीं हो जाती, तब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया जा सकता।

विद्युत विभाग ने लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। मौसम और स्थल की स्थिति सामान्य होने के बाद ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।




