गुलदार ने घोड़े को बनाया निवाला, पीड़ित की आजीविका पर संकट
मुआवजे की मांग को लेकर वन विभाग को सौंपा शिकायती पत्र, क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत

पुरोला। प्रखंड पुरोला के अंतर्गत ग्राम सभा पाणीगांव के पोलसेरी तोक में गुलदार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे खेतों में घात लगाए बैठे गुलदार ने एक घोड़े पर हमला कर उसे मार डाला। घटना में पीड़ित किसान विपिन सिंह को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनकी आजीविका पर भी संकट गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पाणीगांव के पोलसेरी तोक निवासी विपिन सिंह का घोड़ा खेतों के समीप चर रहा था। इसी दौरान गुलदार ने उस पर हमला कर उसे मार डाला। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय व्याप्त है और खेतों में काम करने से भी लोग डर रहे हैं।
घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से वन क्षेत्राधिकारी, पुरोला रेंज को शिकायती पत्र सौंपकर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, गुलदार की निगरानी करने तथा मानव और पालतू पशुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है।
वहीं पुरोला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नरोत्तम सिंह रावत ने बताया कि पाणीगांव में घोड़े को गुलदार द्वारा मारने की सूचना प्राप्त हुई है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश वन कर्मियों को दिए गए हैं। ग्रामीणों से भी अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।



