Blog
Trending

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कार्य बहिष्कार अनिश्चितकाल के लिए जारी, कल से तहसील परिसर में धरना

पुरोला। विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपना कार्य बहिष्कार अनिश्चितकाल के लिए जारी रखने का निर्णय लिया है। शासन स्तर पर मांगों के संबंध में अब तक कोई सकारात्मक एवं लिखित निर्णय नहीं होने से कार्यकर्ताओं ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। इसके तहत 13 नवंबर से तहसील परिसर पुरोला में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

संयुक्त संगठन मोर्चा उत्तराखंड के आह्वान पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पूर्व में 9 नवंबर तक कार्य बहिष्कार की घोषणा की थी। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद शासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने पर संगठन ने आगामी आदेश तक कार्य बहिष्कार जारी रखने का फैसला लिया है।

गुरुवार को उप जिलाधिकारी पुरोला के माध्यम से शासन को भेजे गए ज्ञापन में संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगों पर अब तक कोई लिखित एवं संतोषजनक निर्णय नहीं मिला है। इसके चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऑनलाइन, ऑफलाइन, पोषण ट्रैकर सहित सभी विभागीय कार्यों से विरत रहेंगी।

संगठन ने कहा कि जब तक शासन स्तर से उनकी मांगों पर ठोस एवं लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसी क्रम में 13 नवंबर से तहसील परिसर पुरोला में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान जिलाध्यक्ष सीमा सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष निर्मला, कांता, विजय लक्ष्मी, पुलम देवी, अनिता, राखी, सतेश्वरी सहित विकासखंड पुरोला की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button