मोरी में स्थायी डंपिंग जोन की मांग, समाधान नहीं हुआ तो 10 नवंबर से बंद रहेगा बाजार
व्यापार मंडल ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, दो से तीन दिन में समस्या का समाधान करने की मांग

मोरी बाजार में सफाई व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण की समस्या को लेकर नगर उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। व्यापार मंडल ने तहसीलदार मोरी को ज्ञापन सौंपकर बाजार के लिए स्थायी डंपिंग जोन निर्धारित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि आगामी दो से तीन दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 10 नवंबर से मोरी बाजार पूर्ण रूप से बंद कर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ममतेश नेगी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मोरी बाजार में प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े-कचरे के निस्तारण के लिए अब तक कोई स्थायी डंपिंग जोन निर्धारित नहीं किया गया है। इसके चलते व्यापारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इस समस्या को कई बार प्रशासन के समक्ष उठाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापार मंडल ने अगले दो से तीन दिनों के भीतर उपयुक्त स्थान पर स्थायी कूड़ा संग्रहण स्थल निर्धारित करने और नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जा सके।
व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में मांग पूरी नहीं होने पर 10 नवंबर से संपूर्ण मोरी बाजार बंद कर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। हालांकि, विरोध के दौरान आमजन की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की बात भी कही गई है।
व्यापार मंडल ने कहा कि यह मांग किसी प्रकार का विवाद खड़ा करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि मोरी बाजार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए उठाई गई है। ज्ञापन पर शंकर भट्ट, हिमांशु रावत, बंटी जैन, प्रदीप चौहान, सूरज नेगी, सचीन, संदीप, मंदीप, वीकेश, विपेन्द्र, राहुल सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं अनेक व्यापारियों के हस्ताक्षर हैं।



