सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर कार्यशाला आयोजित, विद्यार्थियों को दिलाई ईमानदारी की शपथ
बीएल जुवांठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पुरोला में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत हुआ आयोजन, 64 छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग।

पुरोला। बीएल जुवांठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पुरोला में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नोगांव चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए युवाओं में जागरूकता और नैतिक मूल्यों का विकास अत्यंत आवश्यक है। सत्यनिष्ठा ही समृद्ध समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए.के. तिवारी ने भी विद्यार्थियों को ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
कार्यक्रम में डॉ. ललित कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने छात्र-छात्राओं को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी तथा 64 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
अंत में संयोजक डॉ. ललित कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुआ।
इस अवसर पर डॉ. दीपक सिंह, डॉ. हरीश पुरोहित, डॉ. यमुना प्रसाद, कृष्ण देव रतूड़ी, राजेंद्र लाल आर्य एवं विनोद कुमार मौजूद रहे।



